जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का शुभारंभ, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का शुभारंभ, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान


सुपौल, 02 सितंबर (हि.स.)। जिले में गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, जांच, उपचार एवं जन-जागरूकता को लेकर बुधवार को ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान जिले में 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत सदर अस्पताल सुपौल, अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर, निर्मली एवं त्रिवेणीगंज तथा रेफरल अस्पताल राघोपुर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री, बिहार सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव एवं विजय कुमार चौधरी तथा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यस्तर पर प्रारंभ किए गए स्वास्थ्य संबंधी प्रयासों के क्रम में आयोजित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गैर-संचारी रोगों के प्रभाव को कम करना तथा आम लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत उच्च रक्तचाप, मधुमेह, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, अस्थमा, सीओपीडी, गैर-मादक वसायुक्त यकृत रोग एवं हृदय संबंधी रोग सहित विभिन्न गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, जांच एवं उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अस्थमा एवं फैटी लिवर की जांच पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं द्वारा सीबीएसी फॉर्म एवं आहार संबंधी चेकलिस्ट भरने तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया गया। सदर अस्पताल, सुपौल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीएम सावन कुमार ,नगर परिषद सुपौल के मुख्य पार्षद राघवेन्द्र झा, सिविल सर्जन डॉ. बाबु साहेब झा, एसीएमओ डॉ. आनंद शंकर प्रसाद सिन्हा, एनसीडीओ डॉ. ममता कुमारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बाल कृष्ण चौधरी, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी शशिभूषण प्रसाद, अस्पताल प्रबंधक अभिनव आनंद, डॉ. अलका कुमारी, निरंजन कुमार, एफएलए अतुल आनंद, डाटा ऑपरेटर रंजीत कुमार जायसवाल, डीईओ अर्चना कुमारी, एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे गैर-संचारी रोगों की समय पर जांच कराएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इन रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story