जदयू का संगठनात्मक चुनाव संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
जदयू का संगठनात्मक चुनाव संपन्न


भागलपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के महानगर भागलपुर के संगठनात्मक चुनाव के अंतर्गत रविवार को सभी पांचों सेक्टरों में अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

चुनाव प्रक्रिया पार्टी नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करते हुए संपन्न कराई गई। सभी नवनिर्वाचित अध्यक्षों को महानगर कार्यालय में निर्वाचन पदाधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

निर्वाचित सेक्टर अध्यक्षों में सेक्टर एक कृष्णमोहन आज़ाद, सेक्टर दो बिकाश कुमार सिंह, सेक्टर तीन मो० सद्दाम, सेक्टर चार मो० जावेद इकबाल और सेक्टर पांच के लिए सुबोध विश्वकर्मा शामिल हैं।

जिला निर्वाचन प्रवेक्षक पंकज कुमार पटेल ने कहा कि महानगर भागलपुर के सभी सेक्टरों में संगठनात्मक चुनाव पूर्ण पारदर्शिता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हुआ। सभी क्रियाशील सदस्यों की सक्रिय भागीदारी संगठन की एकजुटता और मजबूती का प्रमाण है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि सभी सेक्टरों में निर्विरोध निर्वाचन संगठन के भीतर समन्वय एवं आपसी विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्षों को बधाई देते हुए संगठनात्मक दायित्वों के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सभी सेक्टर निर्वाचन पदाधिकारी, पर्यवेक्षक, महानगर पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story