जगदीशपुर के जदयू प्रखंड अध्यक्ष बने गुरूदेव मंडल

WhatsApp Channel Join Now
जगदीशपुर के जदयू प्रखंड अध्यक्ष बने गुरूदेव मंडल


भागलपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिला संगठन चुनाव के संदर्भ में जिला निर्वाची पर्यवेक्षक मनोरंजन मजूमदार ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर परिषद क्षेत्रों में प्रखंड अध्यक्ष पद का निर्वाचन सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।

अधिकांश प्रखंडों के परिणाम पूर्व में ही घोषित कर दिए गए थे। हालांकि जगदीशपुर प्रखंड का परिणाम एक प्राप्त शिकायत के आधार पर लंबित रखा गया था। इस मामले में प्रदेश निर्वाची पदाधिकारी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के आलोक में मनोरंजन मजूमदार ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी द्वारा संपन्न कराई गई चुनाव प्रक्रिया, अभिलेखों एवं सभी संबंधित पहलुओं का गहन परीक्षण किया गया।

स्थल जांच एवं तथ्यों के सत्यापन के उपरांत यह पाया गया कि जगदीशपुर प्रखंड में गुरुदेव मंडल का सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन नियमानुसार एवं वैध रूप से संपन्न हुआ है। इसके पश्चात जिला निर्वाची पर्यवेक्षक द्वारा गुरुदेव मंडल के अध्यक्ष पद के निर्वाचन परिणाम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई। इस निर्णय की सूचना प्रदेश निर्वाची पदाधिकारी को भेज दी गई है। साथ ही एक प्रति जिला निर्वाची पदाधिकारी को भी प्रेषित कर उन्हें अवगत करा दिया गया है।

जिला प्रवक्ता शैलेंद्र तोमर ने कहा कि जिले के सभी सांगठनिक प्रखंडों में प्रखंड अध्यक्षों का निर्विरोध निर्वाचन यह दर्शाता है कि जिला जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं में गहरा सामंजस्य, अनुशासन एवं संगठनात्मक एकता विद्यमान है। यह संगठन की मजबूती का प्रतीक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story