कायाकल्प अभियान से पंचायतों में तेज होगा जनोपयोगी योजनाओं का क्रियान्वयन

WhatsApp Channel Join Now
कायाकल्प अभियान से पंचायतों में तेज होगा जनोपयोगी योजनाओं का क्रियान्वयन


सुपौल, 22 सितंबर (हि.स.)। सरकार द्वारा चलाए जा रहे कायाकल्प अभियान के तहत पंचायत स्तर पर जनोपयोगी योजनाओं को चिह्नित कर उनका त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने सुपौल प्रखंड की करिहो एवं लाउढ़ पंचायत का भ्रमण किया। इस दौरान पंचायत सरकार भवन करिहो में दोनों पंचायतों के मुखिया, पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर चिन्हित योजनाओं की बारी-बारी से समीक्षा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से योजनाओं के चयन, क्रियान्वयन एवं प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत से 10-10 जनोपयोगी योजनाओं को चिन्हित किया जाना है। चयनित योजनाओं को कायाकल्प अभियान के तहत निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराना प्राथमिकता है। उन्होंने योजनाओं के लिए उपलब्ध राशि तथा कार्य पूर्ण करने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली।

दोनों पंचायतों के मुखिया ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी के मार्गदर्शन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से योजनाओं का चयन किया गया है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि चिन्हित योजनाएं आम लोगों के लिए उपयोगी हैं और इनके समय पर पूर्ण होने से ग्रामीणों को सीधे लाभ मिलेगा। निदेशक, एनईपी अनित कुमार ने बताया कि पंचायतों में चयनित योजनाओं को कायाकल्प पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। इसके बाद योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाएगी।

बैठक के बाद उप विकास आयुक्त ने चिन्हित की गई कुछ योजनाओं के स्थलों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को योजनाओं के कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।इस अवसर पर निदेशक एनईपी अनित कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी , कार्यक्रम पदाधिकारी , सभी संबंधित अभियंता, पंचायतों के कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story