कांग्रेस जिलाध्यक्षों की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस जिलाध्यक्षों की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न


पटना, 06 अगस्त (हि.स.)। बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में गुरुवार को बिहार कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू और अध्यक्ष राजेश राम की मौजूदगी में संपन्न हुई।

बैठक को सम्बोधित करते हुए बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के व्यापक क्रियान्वयन के तहत प्रखंड कांग्रेस कमिटी का कार्य अपने अतिम चरण में है और अब मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति की पहल शुरू हो चुकी है जिसके बाद पंचायत और वार्ड में कांग्रेस की मजबूती हमारा अगला लक्ष्य रहेगा।

जिलों में सभी प्रखंड अध्यक्षों के साथ आवश्यक रूप से मासिक बैठक के साथ प्रखंड और पंचायतों में छोटे समूहों के साथ संवाद का कार्यक्रम आवश्यक रूप से संचालित करने का निर्देश भी दिया गया। हर घर कांग्रेस का झंडा और चलो पंचायत चलो वार्ड कार्यक्रम को लेकर भी आवश्यक निर्देश प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने जिलाध्यक्षों को दिया।

इस अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सांगठनिक मजबूती के लिए प्रतिबद्ध है और साथ ही अपने भू सम्पदाओं को संरक्षित, उचित रख रखाव और संवर्धन करने की ओर भी मजबूती से कदम उठा रही है। ऐसे में जिलाध्यक्षों को स्थानीय जनहित के मुद्दों पर मुखर होकर आन्दोलन और प्रदर्शन कर जनता के हर सुख दुःख में कदम से कदम मिलकर चलना है। साथ ही देश के व्यापक मुद्दे जिसको लेकर हमारे नेता राहुल गाँधी लगातार संघर्ष कर रहे हैं उसमें पेपर लीक, चंदा चोरी के खिलाफ जनजागरण आन्दोलनों को आवश्यक बताया। साथ ही राज्य में ग्रामीण स्तर पर होल्डिंग टैक्स की बेतहाशा वसूली और शिक्षा व रोजगार को लेकर आंदोलनों को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई।

बैठक में बिहार के प्रभारी सचिव सुशील पासी, शाहनवाज आलम, लालाभाई पटेल, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता, कनेक्ट सेंटर के मिन्नत रहमानी, पंकज यादव, कमल कमलेश, राजीव मेहता, विमलेश तिवारी, प्रेमचंद सिंह, प्रवक्ता डॉ स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय सहित सभी जिलाध्यक्ष मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story