कटिहार स्थापना दिवस: टाउन हॉल में बही सांस्कृतिक रसधार, 'बिहार गीत' के साथ संपन्न हुआ भव्य समारोह
कटिहार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के टाउन हॉल में 53वें 'कटिहार जिला स्थापना दिवस-2026' समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लोकधुनों के बीच देर तक चले इस आयोजन का औपचारिक समापन सामूहिक 'बिहार गीत' के साथ किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पदाधिकारी सहित जिले के कई वरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के आगमन के बाद पौधा व स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। सभा की शुरुआत में राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। इस मौके पर प्रशासनिक उद्बोधन के साथ-साथ जिले में पधारे अतिथि कलाकारों को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
उद्घाटन सत्र के बाद शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभागार में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्तर मध्य सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज के कलाकारों ने सुमधुर लोकगायन और मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। वहीं राहुल एण्ड ग्रुप द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय नृत्य ने भारतीय परंपरा की सुंदर छटा बिखेरी। इसके अतिरिक्त अनुभा रॉय ग्रुप, पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय (कटिहार), राग-व-ध्वनि कला केन्द्र (कटिहार) तथा कंचन प्रिया ग्रुप के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक लोकनृत्य पेश कर पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
समारोह के अंतिम चरण में आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों, कलाकारों और उपस्थित नागरिकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। अंत में पूरे सभागार ने एक स्वर में राज्य के गौरव 'बिहार गीत' का गायन किया, जिसके साथ ही स्थापना दिवस का यह यादगार उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

