आंगनवाड़ी केंद्र में बिना ड्रेस पहुंचे सभी बच्चे,बीडीओ ने जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
आंगनवाड़ी केंद्र में बिना ड्रेस पहुंचे सभी बच्चे,बीडीओ ने जताई नाराजगी


सुपौल, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड अंतर्गत डहरिया पंचायत के आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-135 में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर मौजूद सभी बच्चे बिना निर्धारित ड्रेस के मिले, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने आंगनवाड़ी सेविका से पूछा कि विभाग द्वारा ड्रेस कोड लागू किए जाने के बावजूद बच्चे बिना यूनिफॉर्म के केंद्र क्यों आ रहे हैं।

इस पर सेविका ने बताया कि सभी नामांकित बच्चों को निर्धारित ड्रेस उपलब्ध करा दी गई है, लेकिन बार-बार समझाने के बावजूद कई बच्चे बिना ड्रेस पहने ही केंद्र पहुंचते हैं।सेविका की बात सुनने के बाद बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विभागीय आदेशों का हर हाल में पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के अभिभावकों को लगातार जागरूक किया जाए, ताकि सभी बच्चे निर्धारित ड्रेस पहनकर नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र आएं।

उन्होंने कहा कि ड्रेस कोड केवल औपचारिक व्यवस्था नहीं, बल्कि बच्चों में समानता और अनुशासन की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।उन्होंने यह भी कहा कि यदि ड्रेस उपलब्ध होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है, तो स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी बच्चों को एक समान वातावरण में आंगनवाड़ी सेवाओं का लाभ मिल सके।निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी रविराज कुमार, आंगनवाड़ी सहायिका तथा अन्य संबंधित कर्मी भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने संकेत दिया कि आगे भी आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा और विभागीय निर्देशों के अनुपालन की लगातार निगरानी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story