अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा


Darbhanga Bihar, 19 जून (हि.स.)।

21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, अनुमंडल, प्रखंड, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग विषय पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनसहभागिता आधारित बनाने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 21 जून को प्रातः 6 बजे डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जल अर्पण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

बैठक में कमांडिंग ऑफिसर, 8 बिहार बटालियन एनसीसी को एनसीसी कैडेटों की सहभागिता सुनिश्चित करने, जिला खेल पदाधिकारी को खेल संघों एवं खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने तथा समादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी को एक प्लाटून गृह रक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिवसीय आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने वाला जनआंदोलन है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों, पंचायतों, नगर निकायों एवं वार्डों में भी व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को कार्यक्रमों की निगरानी एवं समन्वय तथा प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पंचायत एवं वार्ड स्तर पर कार्यक्रम स्थलों का चयन, माइक्रो प्लान तैयार करने एवं अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में नगर आयुक्त राकेश गुप्ता, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, अपर समाहर्ता विभागीय जांच राकेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरेंद्र कुमार लाल दास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story