बिहार पुलिस में सात साल बाद फिर लौटी जोनल व्यवस्था, भागलपुर बनेगा पुलिस जोन

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 09 नवंबर (हि.स.)।

राज्य में कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन के ढांचे में बड़ा बदलाव किया है।

करीब सात साल पहले समाप्त की गई जोनल व्यवस्था को एक बार फिर से बहाल कर दिया गया है। गृह विभाग द्वारा जारी आधिकारिक संकल्प के अनुसार, राज्य के सभी 12 पुलिस रेंज को चार प्रमुख जोन—पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर—में विभाजित किया गया है।

नई व्यवस्था के तहत भागलपुर प्रक्षेत्र (जोन) का दायरा काफी महत्वपूर्ण होगा। इसके अधीन तीन पुलिस रेंज—भागलपुर (पूर्वी), मुंगेर और बेगूसराय—को रखा गया है। गौरतलब है कि जुलाई 2019 से पहले भागलपुर जोन में केवल दो रेंज (भागलपुर और मुंगेर) थे। नई प्रशासनिक संरचना के तहत प्रत्येक जोन का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे, जबकि उनके अधीन आने वाले रेंज की जिम्मेदारी पुलिस उप-महानिरीक्षक के पास होगी। पूर्णिया क्षेत्र के आईजी पद को पुनर्निर्धारित कर अब 'आईजी भागलपुर प्रक्षेत्र' के रूप में अधिसूचित किया गया है।

इसके साथ ही बेगूसराय में डीआईजी का नया कार्यालय भी संचालित किया जाएगा। भागलपुर जोनल कार्यालय में आईजी के साथ-साथ रेंज डीआईजी की भी तैनाती का प्रावधान किया गया है। जोनल व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए गृह विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के कुल 20 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी है। इनमें चार डीआईजी, चार एसपी और 12 प्रशाखा व लिपिकीय संवर्ग के पद शामिल हैं। इन नए पदों और कार्यालयों के संचालन पर राज्य सरकार प्रतिवर्ष लगभग 3 करोड़ 46 लाख रुपये खर्च करेगी।

साल 1982 से चली आ रही जोनल व्यवस्था को सरकार ने जुलाई 2019 में समाप्त कर सीधे 12 रेंज बना दिए थे। हालांकि, गृह विभाग के अनुसार कार्यक्षेत्र के अत्यधिक विस्तार और बढ़ती जनसंख्या के कारण रेंज स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग और अंतर-जिला समन्वय प्रभावित हो रहा था। जोनल व्यवस्था की वापसी से अब फील्ड पुलिसिंग का द्विस्तरीय सुपरविजन हो सकेगा, जिससे त्योहारों, चुनावों और बड़े अभियानों के दौरान पुलिस बल के त्वरित मूवमेंट और अपराध नियंत्रण में बड़ी मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story