सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल: आतंकवाद पर 'जीरो टॉलरेंस' देश की साहसिक नीति का प्रतीक :तार किशोर प्रसाद
कटिहार, 27 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में आतंकवाद के खिलाफ भारत की 'जीरो टॉलरेंस' नीति को दोहराते हुए वर्ष 2016 की ऐतिहासिक सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूरे होने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कटिहार में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुनने के उपरांत बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक देश की साहसिक, स्पष्ट और निर्णायक नीति का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ ने देशवासियों के व्यवहार, सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव लाकर सरकार के प्रति जन-विश्वास को मजबूत किया है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंघल की जन्म जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि श्री राम जन्मभूमि आंदोलन से लेकर समाज जागरण तक अशोक सिंघल का दृढ़ नेतृत्व और अटूट संकल्प राष्ट्र के पुनर्जागरण में मील का पत्थर रहा है।
वार्ताक्रम में प्रधानमंत्री ने गुजरात के ऐतिहासिक मोढेरा सूर्य मंदिर के विध्वंस के 1000 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए मोढेरा के देश का पहला 'सोलर विलेज' (सौर ग्राम) बनने की उपलब्धि साझा की। इसके साथ ही उन्होंने जनगणना को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए नागरिकों से ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की और उत्तराखंड के सीमांत माना गांव से इसके जुड़ाव को साझा किया।
महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के प्रेरक उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री ने सुंदरबन (झारखाली) की महिलाओं के साहस की सराहना की, जो मैंग्रोव के जंगल तैयार कर अपनी आजीविका चलाने के साथ-साथ गांव को प्राकृतिक सुरक्षा कवच भी प्रदान कर रही हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के मशहूर आंवला प्रसंस्करण से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सफलता की भी चर्चा की गई। अपने संबोधन में पीएम ने नशा मुक्ति अभियान, कुपोषण उन्मूलन और स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लक्खी प्रसाद महतो, अमित गुप्ता, अमित कुमार साह, हृदय शंकर बर्नवाल, कैलाश कुमार मंडल, सिकंदर साह, परिमल झा, रोहित गुप्ता, विकास शर्मा, आलोक ठाकुर, भागवत शर्मा, अरुणाभ चौधरी, राहुल झा और संतोष पोद्दार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

