वोट चोरी के मिथ्या आरोप और अराजकता की राजनीति के विरुद्ध भाजपा का युवा संवाद कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
वोट चोरी के मिथ्या आरोप और अराजकता की राजनीति के विरुद्ध भाजपा का युवा संवाद कार्यक्रम


अररिया 28 अक्टूबर(हि.स.)। कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन के दलों द्वारा वोट चोरी जैसे मिथ्या आरोप लगाकर देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर व बदनाम करने तथा विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में अराजकता का माहौल बनाकर 140 करोड़ देशवासियों द्वारा चुनी हुई सरकार को अपदस्थ करने की साजिश के विरुद्ध भारतीय जनता पार्टी, फारबिसगंज नगर मंडल द्वारा बुधवार को गंगा सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप नारायण मंडल एवं महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

नेताओं ने उपस्थित युवाओं को विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन की अराजकतावादी, राष्ट्र-विरोधी एवं संविधान विरोधी नीतियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई मुद्दा है और न ही कोई विजन, इसलिए वह झूठ और अफवाह फैलाकर देश को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। लोकतंत्र में आलोचना का स्वागत है, परन्तु संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास पैदा करना लोकतंत्र नहीं, अराजकता है।

वक्ताओं ने युवाओं को मोदी सरकार द्वारा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए किए जा रहे कार्यों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विकसित भारत के चार प्रमुख आधार स्तंभ - युवा, महिला, किसान और गरीबों के उत्थान के लिए केंद्र सरकार निरंतर जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story