युवा राजद ने बक्सर में किया पैदल मार्च एवं धरना, पेपर लीक सहित 10 मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
बक्सर, 28 जुलाई (हि.स.)। युवा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से सोमवार को बक्सर के ज्योति चौक पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना एवं पैदल मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा राजद के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार आजाद ने की, जबकि मुख्य विंग के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन मनाजी यादव ने किया।
धरने के दौरान युवा राजद ने 10 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इनमें युवाओं को रोजगार एवं स्थायी नौकरी, पेपर लीक पर रोक और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, शिक्षा व्यवस्था में सुधार एवं छात्रावास की व्यवस्था, बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, महंगाई पर रोक, पलायन की समस्या का स्थायी समाधान, छात्र-युवाओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं तकनीकी शिक्षा का विस्तार, किसान-मजदूरों के हक और सम्मान की गारंटी तथा भ्रष्टाचार मुक्त बिहार और सुशासन सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही।
धरने को संबोधित करते हुए युवा राजद के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार आजाद ने आरोप लगाया कि छात्र, युवा, किसान, मजदूर और आम लोग विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, छात्रों पर बल प्रयोग, किसानों की समस्याएं, महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों पर केंद्र एवं राज्य सरकार विफल रही है।
मुख्य विंग के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने अपने संबोधन में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के मामलों में दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है और इस व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए राजनीतिक बदलाव जरूरी है।
झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष भारती ने भी अपने संबोधन में हाल के छात्र आंदोलनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कठोर व्यवहार किया गया, जिसकी उन्होंने निंदा की।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव निर्मल कुशवाहा, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष भारती, पूर्व प्रदेश महासचिव अखिलेश यादव, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बबलू यादव सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

