अप्रैल में होनी थी युवती की शादी, पांच दिन बाद बोरे में मिला शव
बक्सर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। चक्की थाना क्षेत्र के चुन्नी डेरा प्राथमिक मध्य विद्यालय के पास शनिवार सुबह एक गड्ढे से बोरे में बंद युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आसपास की महिलाओं ने शव की पहचान गांव निवासी बरमेश्वर यादव की 20 वर्षीय पुत्री सुनीता कुमारी के रूप में की। शव करीब पांच दिन पुराना बताया जा रहा है और सड़ने से दुर्गंध फैल रही थी।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। डुमरांव के डीएसपी पोलस्त कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
परिजन के अनुसार, सुनीता 16 फरवरी की शाम शौच के लिए घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। 20 फरवरी को थाने में सूचना दी गई। अप्रैल में उसकी शादी तय थी। पिता कोलकाता में खटाल चलाते हैं। मां फूल कुमारी देवी ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

