लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की सक्रिय और जागरूक भागीदारी आवश्यक: तारकिशोर प्रसाद

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की सक्रिय और जागरूक भागीदारी आवश्यक: तारकिशोर प्रसाद


कटिहार, 02 नवंबर (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित 'मेरा युवा भारत', कटिहार द्वारा विकसित भारत युवा संवाद के तहत “अपने मताधिकार को जानें विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। आईटीआई कॉलेज के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी प्रक्रिया, मताधिकार के महत्व और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।

देश का भविष्य युवाओं के हाथों में: पूर्व उपमुख्यमंत्री

समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी मजबूती प्रत्येक नागरिक की जागरूकता एवं भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे सशक्त आधार है और प्रत्येक योग्य नागरिक को अपने मताधिकार का उपयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे खुद सजग नागरिक बनें और अपने परिवार व समाज को भी मतदान के प्रति जागरूक कर एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण में भागीदारी निभाएं।

सशक्त लोकतंत्र के लिए युवाओं की चेतना जरूरी

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत अमूल्य है और जागरूक मतदाता ही इसकी आधारशिला हैं। भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने युवाओं को अधिकारों के साथ-साथ अपने सामाजिक व राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं महानिदेशक नामित सदस्य व सामाजिक कार्यकर्ता बबन झा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की सक्रिय हिस्सेदारी देश की समग्र प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है।

नागरिक कर्तव्यों और चुनावी प्रक्रिया की दी गई जानकारी

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), कटिहार के प्राचार्य राकेश कुमार एवं उप प्राचार्य पूजा कुमारी ने कहा कि शिक्षा के साथ नागरिक जागरूकता का विकास युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। जिला युवा अधिकारी नीरज कुमार झा ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखते हुए कहा कि 'मेरा युवा भारत' का प्राथमिक उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। यूथ आइकॉन पूजा कुमारी ने युवाओं को सामाजिक बदलाव का मुख्य संवाहक बताया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की पात्रता, वोटर आईडी कार्ड बनवाने की प्रक्रिया, मतदान की गोपनीयता तथा बिना किसी प्रलोभन व दबाव के निष्पक्ष मतदान करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अंत में युवाओं ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और मतदाता जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story