युवा कांग्रेस का हल्लाबोल, सुपौल में सरकार का पुतला दहन

WhatsApp Channel Join Now
युवा कांग्रेस का हल्लाबोल, सुपौल में सरकार का पुतला दहन


युवा कांग्रेस का हल्लाबोल, सुपौल में सरकार का पुतला दहन


सुपौल, 12 जून (हि.स.)। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में शुक्रवार को सुपौल में राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया।

कांग्रेस कार्यालय से निकला प्रदर्शन जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सुपौल महावीर चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शनकारियों ने भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा उपलब्ध कराने, महिलाओं को दो लाख रुपये की सहायता राशि देने, बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने, बेरोजगारी दूर करने, भ्रष्टाचार समाप्त करने और लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

इस मौके पर युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार देने के वादे पूरे नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में भ्रष्टाचार भी गंभीर समस्या बन चुकी है और आम जनता इससे परेशान है। सरकार को युवाओं, गरीबों और आम लोगों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सरकार ने भूमिहीन लोगों को जमीन का पर्चा देने की घोषणा की थी, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में भूमिहीन परिवार अपने अधिकार से वंचित हैं।

उन्होंने कहा कि केवल घोषणा करने से विकास नहीं होता, बल्कि योजनाओं का लाभ धरातल तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बनने के बाद इस वादे को पूरा नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि बिहार में शासन-प्रशासन की स्थिति संतोषजनक नहीं है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के भुगतान में देरी सहित कई जनहित से जुड़े मामलों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बिहार के विकास के लिए केंद्र सरकार से विशेष पैकेज देने की मांग की। उन्होंने कहा कि आज जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार अपनी कमियों को छिपाने में लगी हुई है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मौके पर रमेश मलिक, रमन वर्मा, एमडी जाती, उमेश मलिक, रोशन कुमार, सूरज यादव, चित्र पासवान, संजीत सदा, मिश्रीलाल महतो, अनिता कुमारी, राम लखन सदा, अमित कुमार, सविता देवी, संजय कुमार सिंह, शाहिद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story