दाउदपुर में रंग फेंकने के विवाद में युवक को मारा चाकू

WhatsApp Channel Join Now
दाउदपुर में रंग फेंकने के विवाद में युवक को मारा चाकू


दाउदपुर में रंग फेंकने के विवाद में युवक को मारा चाकू


सारण, 04 मार्च (हि.स.)। जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरवा मिश्र टोली गांव में रंग फेंकने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस हिंसक झड़प में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार बरवा मिश्र टोली में होली के दौरान युवक एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगा रहे थे। इसी बीच रंग फेंकने की बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट होने लगी। इसी आपाधापी में एक युवक ने शंभू प्रसाद नामक युवक पर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने से शंभू प्रसाद लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, स्थानीय लोगों और परिजनों के सहयोग से घायल को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि खून बहने और गंभीर चोट को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे छपरा सदर अस्पताल भेजा गया। वहां भी स्थिति में सुधार न होते देख चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। परिजनों के अनुसार शंभू की हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हमला करने का सीधा आरोप लगाया है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story