संविधान के मूल्यों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें युवा : दिनकर कुमार सिंह

WhatsApp Channel Join Now
संविधान के मूल्यों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें युवा : दिनकर कुमार सिंह


किशनगंज, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मेरा युवा भारत किशनगंज के तत्वावधान में +2 मॉडल हाई स्कूल, ठाकुरगंज में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इस पहल का मुख्य विषय अपने संविधान को जानें रहा। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं और युवाओं को संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में युवा आइकॉन दिनकर कुमार सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का भविष्य केवल उसकी जनसंख्या और संसाधनों से निर्धारित नहीं होगा, बल्कि जागरूक, शिक्षित, जिम्मेदार और सक्रिय युवाओं की भागीदारी से विकसित भारत का सपना साकार होगा।

उन्होंने भारतीय संविधान की महत्ता, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, स्पोर्ट्स आइकॉन मुस्कान परवीन ने खेलों के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निरंतर मेहनत करने की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्र भूषण झा ने की। उन्होंने युवाओं से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और समाज व राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने की अपील की। संवाद के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूलभूत मूल्यों पर विशेष चर्चा की गई। साथ ही मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के महत्व को भी समझाया गया।

वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जागरूक नागरिकता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संवैधानिक चेतना और युवा नेतृत्व की भी आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित युवाओं से संविधान के मूल्यों का पालन करने तथा विकसित भारत @2047 के राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story