लूट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली गंभीर हालत में पटना रेफर
सारण, 05 जून (हि.स.)। मांझी थाना क्षेत्र के माड़ीपुर कला गांव में देर रात करीब डेढ़ बजे अपराधियों ने लूट का विरोध करने पर एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल युवक की पहचान स्थानीय निवासी स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह के पुत्र नितेश कुमार सिंह के रूप में हुई है जो कोलकाता में रहकर ड्राइवरी का काम करता है।
मिली जानकारी के अनुसार अपराधी अर्ध निर्मित मकान से बक्सा लेकर भाग रहे थे तभी नितेश ने साहस दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने नितेश पर गोली चला दी और उसके चंगुल से छूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुँची। गंभीर रूप से जख्मी युवक को प्राथमिक उपचार के बाद छपरा से पटना रेफर कर दिया गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार और एसडीपीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

