नागपुर युवा संसद में भागलपुर के शिव सागर ने विकास नीतियों पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
नागपुर युवा संसद में भागलपुर के शिव सागर ने विकास नीतियों पर उठाए सवाल


भागलपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के नागपुर स्थित विधान भवन में 14 और 15 फरवरी 2026 को आयोजित राष्ट्रीय पर्यावरणीय युवा संसद में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए शिव सागर ने सरकार की विकास नीतियों पर गंभीर और तथ्यपूर्ण सवाल उठाए।

इस कार्यक्रम में उन्हें विपक्षी संसद की भूमिका सौंपी गई थी। जिसे उन्होंने प्रभावशाली ढंग से निभाया। शिव सागर तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई मारवाड़ी महाविद्यालय भागलपुर में राजनीतिक विज्ञान के छात्र हैं और भागलपुर जिले के पीरपैंती के निवासी हैं।

युवा संसद को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सत्ता तक पहुंच का मार्ग बिहार से होकर गुजरता है। लेकिन विकास की प्राथमिकताओं में यही राज्य अक्सर उपेक्षित रह जाता है।

शिक्षा के क्षेत्र में असमानता का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय के समानांतर विक्रमशिला विश्वविद्यालय की उपेक्षा को गंभीर प्रश्न बताया और सरकार से नैतिक जवाबदेही की मांग की।

पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन पर बोलते हुए शिव सागर ने सीओपी-30 जैसे वैश्विक मंचों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक बिहार के किसानों की समस्याओं उत्तर में बाढ़ और दक्षिण में सूखे को नीति निर्माण का केंद्र नहीं बनाया जाएगा तब तक जलवायु परिवर्तन पर चर्चा अधूरी रहेगी।

अपने भाषण के अंत में उन्होंने आग्रह किया कि चुनावी दौरों से आगे बढ़कर विकास के ठोस प्रयास किए जाएं और विपक्ष को सहभागी बनाकर विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story