मिरचइया नदी में नहाने के दौरान युवक लापता, एनडीआरएफ का तलाश अभियान जारी

WhatsApp Channel Join Now
मिरचइया नदी में नहाने के दौरान युवक लापता, एनडीआरएफ का तलाश अभियान जारी


मिरचइया नदी में नहाने के दौरान युवक लापता, एनडीआरएफ का तलाश अभियान जारी


सुपौल, 27 जुलाई (हि.स.)। प्रतापगंज प्रखंड की टेकुना पंचायत स्थित इमामपट्टी गांव में रविवार शाम मिरचइया नदी में नहाने के दौरान एक युवक लापता हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए।

लापता युवक की पहचान भवानीपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या-3 निवासी शनिचर दास (पिता- मुशहरू दास) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रतापगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से देर शाम तक खोजबीन कराई। हालांकि अंधेरा होने और नदी की गहराई अधिक होने के कारण युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

सोमवार सुबह पुनः खोज अभियान शुरू किया गया। एनडीआरएफ की टीम आधुनिक उपकरणों के साथ नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। समाचार लिखे जाने तक सुबह करीब 10:45 बजे तक भी युवक का पता नहीं चल पाया था।

प्रतापगंज थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक नदी में स्नान करने गया था और इसी दौरान गहरे पानी में डूब गया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया और संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू कराया।पुलिस ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है और जब तक उसका पता नहीं चल जाता, तब तक खोज अभियान जारी रहेगा।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story