दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
दरभंगा, 10 नवंबर (हि.स.)।
जिला अंतर्गत केवटी क्षेत्र के जयनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 527 बी पर हाजीपुर और पाराडीह चौक के बीच मंगलवार की दोपहर करीब ढाई बजे दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान केवटी थाना क्षेत्र की लदारी पंचायत के मेहसाजान गांव निवासी रामलगन शर्मा के 32 वर्षीय पुत्र अंजन शर्मा के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही केवटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक जब्त कर ली। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केवटी-रनवे में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया। घायलों की पहचान खराज गांव निवासी सूरज मंडल के 20 वर्षीय पुत्र शुभम मंडल और दड़िमा गांव निवासी 40 वर्षीय मो. तौकीब के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि दोनों बाइक सवार हाजीपुर चौक की ओर से दड़िमा चौक जा रहे थे। इसी दौरान उक्त स्थल के पास दोनों बाइकों में टक्कर हो गई। हादसे में अंजन शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
अंजन की मौत की खबर मिलते ही मेहसाजान स्थित उनके घर में कोहराम मच गया। पत्नी संगीता देवी, 11 वर्षीय इकलौती पुत्री नैना कुमारी और मां इंदिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। अंजन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के चीत्कार से गांव में शोक का माहौल है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा दुर्घटना में शामिल दोनों बाइक जब्त कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

