बीच गंगा में युवक ने लगाई छलांग, तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम
भागलपुर, 21 मई (हि.स.)। जिले के बरारी गंगा घाट पर गुरुवार को एक युवक ने नाव से गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर बरारी पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कराई। समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे युवक बरारी घाट पहुंचा था। वह गंगा किनारे खड़ी नाव पर सवार हुआ और एक नाव से दूसरे नाव पर जा रहा था। इसी दौरान नाव जैसे ही बीच गंगा में पहुंची, युवक ने अचानक छलांग लगा दी, जिससे वह गहरे पानी में डूब गया।
नाव पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि युवक का व्यवहार पहले से ही संदिग्ध लग रहा था। वह लगातार एक नाव से दूसरी नाव पर जा रहा था। यात्रियों ने उससे मजाक में पूछा भी कि “क्या मरना है जो ऐसा कर रहे हो। इस पर युवक ने जवाब दिया, हां, मरना है। इसके कुछ ही देर बाद उसने गंगा में छलांग लगा दी। घटना के प्रत्यक्षदर्शी अंकित कुमार पासवान ने बताया कि नाव थोड़ी आगे बढ़ी ही थी कि युवक ने अचानक नदी में छलांग लगा दी और देखते ही देखते डूब गया।
बरारी पुलिस मौके पर पहुंची और नाविक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने संबंधित नाव को जब्त कर लिया है, जबकि अन्य यात्रियों को दूसरी नाव से नवगछिया भेजा गया। उल्लेखनीय है कि विक्रमशिला सेतु के पाया संख्या 133 का स्लैब टूटने के बाद भागलपुर और सीमांचल के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित है। ऐसे में लोगों के आवागमन का मुख्य सहारा नाव ही बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग बरारी घाट से नाव के जरिए भागलपुर और नवगछिया के बीच सफर कर रहे हैं। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम गंगा नदी में युवक की तलाश में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

