युवाओं को इजरायल में मिलेगी नौकरी, सारण में 18 मई तक जमा होंगे आवेदन
सारण, 16 मई (हि.स.)। युवाओं के लिए विदेशी धरती पर रोजगार पाने का एक अवसर सामने आया है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग बिहार सरकार के अंतर्गत अवर प्रादेशिक नियोजनालय सारण द्वारा इजरायल में नौकरी के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इजरायल से विभिन्न क्षेत्रों में रिक्तियां प्राप्त हुई हैं। इन पदों के लिए कार्य, आकर्षक वेतन और अन्य सुविधाओं का पूरा विवरण छपरा नियोजनालय कार्यालय में उपलब्ध है।
सहायक निदेशक नियोजन ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपना बायोडाटा और आवेदन 18 मई तक अवर प्रादेशिक नियोजनालय छपरा कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कर दें। समय पर प्राप्त आवेदनों के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों की सूची निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण, पटना को भेजी जाएगी।
विभाग इस अवसर का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहा है ताकि जिले के अधिक से अधिक युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

