रंजिश में युवक को घेरकर मारी गोली, एक गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

WhatsApp Channel Join Now
रंजिश में युवक को घेरकर मारी गोली, एक गिरफ्तार, दो आरोपी फरार


सुपौल, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के डुमरी वार्ड संख्या-8 में मंगलवार दोपहर आपसी रंजिश को लेकर बाइक सवार तीन युवकों ने एक युवक को घेरकर गोली चला दी। गोली युवक की कनपटी के पास से गुजर गई, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना डुमरी वार्ड संख्या-10 निवासी विनोद प्रसाद दास के 29 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के साथ हुई।

अभिषेक के अनुसार, वह मंगलवार को बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान डुमरी में बतरान जाने वाली सड़क के चौराहे पर बाइक सवार तीन युवक खड़े थे। इनमें पप्पू यादव, ब्रजेश मंडल और शक्तिकांत शामिल थे। युवकों ने उन्हें रोक लिया और पुलिस में शिकायत करने को लेकर सवाल-जवाब करने लगे।

अभिषेक ने बताया कि 20 नवंबर को उक्त युवकों के साथ उनकी छीना-झपटी हुई थी। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपितों ने उन्हें छोड़ दिया था। इसके बाद उन्होंने 21 नवंबर को राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी। पुलिस ने अगले दिन आरोपितों से पूछताछ भी की थी। इसी बात को लेकर मंगलवार को आरोपितों ने उन्हें घेर लिया और गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने भाग रहे एक आरोपी शक्तिकांत को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है।

थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story