नेपाल में सड़क हादसे में दिघलबैंक के युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में सड़क हादसे में दिघलबैंक के युवक की मौत, गांव में पसरा मातम


किशनगंज, 18 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में सड़क हादसे में दिघलबैंक प्रखंड के फुटानीगंज निवासी एक युवक की मौत हो गई। हादसा गुरुवार को नेपाल के कमार टोली के समीप हुआ।

मृतक की पहचान फुटानीगंज निवासी मो. अकबर के पुत्र मो. सुल्तान के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके पैतृक गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, मो. सुल्तान बाइक से नेपाल के सुरंगा में राजमिस्त्री का काम करने जा रहा था। इसी दौरान कमार टोली के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद नेपाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के पहचान के लिए नेपाल पुलिस ने भारतीय पुलिस से संपर्क किया। आवश्यक प्रक्रिया के बाद मृतक की पहचान फुटानीगंज निवासी मो. सुल्तान के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। सभी कानूनी एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गुरुवार देर शाम मो. सुल्तान का शव नेपाल से उसके पैतृक गांव फुटानीगंज पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव से लिपटकर रोने लगे।

ग्रामीणों ने बताया कि मो. सुल्तान परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। शुक्रवार को गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story