नवादा के हरदिया सिंगर गांव में सर्पदंश से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नवादा के हरदिया सिंगर गांव में सर्पदंश से युवक की मौत


नवादा04 जून (हि.स.)। जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र के हरदिया सिंगर गांव में गुरुवार को सर्पदंश से 19 वर्षीय युवक रंजीत राजवंशी की मौत हो गई।

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक प्रदीप राजवंशी का पुत्र था।

परिजनों के अनुसार रंजीत अपने घर में सोया हुआ था। इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उसे डंस लिया। उसकी तबीयत बिगड़ती रही, लेकिन परिजन यह समझ नहीं सके कि उसे सांप ने काट लिया है। घंटो असमंजस की स्थिति बनी रही और घरवालों ने सामान्य बीमारी समझकर घरेलू स्तर पर देखभाल की।

जब उसकी हालत और गंभीर हुई तो ग्रामीण ओझा को बुलाया गया।

युवक की स्थिति देखकर ओझा ने झाड़-फूंक करने के बजाय सर्पदंश की आशंका जताई और तत्काल अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे अनुमंडल अस्पताल रजौली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि रंजीत की शादी महज छह महीने पहले हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है। आने वाले बच्चे के जन्म से पहले ही उसके सिर से पिता का साया उठ गया। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story