सरयू नदी के रामघाट पर डूबने से युवक की मौत, तीन दोस्त बचे

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 20 मई (हि.स.)। मांझी रामघाट पर दोपहर सरयू नदी में नहाने के दौरान दाउदपुर निवासी आशिक अली गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से उसके तीन अन्य दोस्त बाल-बाल बच गए।

चारों दोस्त करीब 11 बजे से नदी में नहा रहे थे। दोपहर सवा 12 बजे के आसपास जब एक दोस्त किशन कुमार गुप्ता डूबने लगा, तो आशिक उसे बचाने आगे बढ़ा। किशन को तो बचा लिया गया लेकिन आशिक खुद गहरे पानी में समा गया।

घटना की सूचना पर अंचलाधिकारी सौरभ अभिषेक और मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया है। मृतक के पिता साइकिल पर कपड़े की फेरी लगाते हैं और आशिक दो भाइयों में बड़ा था। इस हादसे से परिजनों में कोहराम मचा है।

बता दें कि मंगलवार को भी इसी घाट पर रील, वीडियो बनाने के चक्कर में एक युवक डूबने से बचा था। लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने और रामघाट पर स्नान को तत्काल प्रतिबंधित करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story