छात्रों के लिए युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित
भागलपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल भागलपुर में बुधवार को छात्रों के लिए युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर युवा संवाद कार्यक्रम के मौके पर टीएनबी कॉलेज के प्रोफेसर राजीव कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, पर्यावरण रक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोमनाथ सुमन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मौके पर प्रोफेसर राजीव कुमार सिंह ने कहा कि देश और दुनिया को नई दिशा प्रदान करने वाला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर परिवार प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, कुटुंब प्रबोधन आदि विषयों पर जागरूकता के लिए युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में 42 अनुसांगिक संगठन कार्य करते हैं। संगठन का उद्देश्य है अच्छा व्यक्ति, अच्छा परिवार, अच्छा समाज एवं अच्छा देश के लिए सभी व्यक्ति को जागरूक करना। विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए भी हम लक्ष्य की ओर बढ़े यह भी एक उद्देश्य है।
युवा संवाद के क्रम में उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ अच्छा स्वास्थ्य, कर्तव्य का बोध तथा मोबाइल से दूरी बनाना आवश्यक है। हमारे कर्तव्य निर्वाण से ही राष्ट्र का विकास होगा और राष्ट्र के विकास में युवाओं का दायित्व अधिक बढ़ गया है। युवाओं से ही देश की अपेक्षाएं अधिक है। इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य बंधु भगिनी, छात्र-छात्रा, शांतनु आनंद मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा और रोहित कुमार उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

