युवा कांग्रेस ने दिया धरना, छह सूत्री मांगों को लेकर रेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
युवा कांग्रेस ने दिया धरना, छह सूत्री मांगों को लेकर रेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन


सुपौल, 18 मार्च (हि.स.)। जिले के गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार को युवा कांग्रेस द्वारा छह सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा ने किया।

धरना को संबोधित करते हुए लक्ष्मण कुमार झा ने केंद्र सरकार और रेल मंत्री पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार गरीब विरोधी है और सुपौल जिले के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना के दौरान रेल मंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को सौंपा गया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से गढ़ बरुआरी से वीणा एकमा तक रेलवे जमीन पर बसे गरीब परिवारों को हटाने के नोटिस पर रोक लगाने की मांग की गई।

इसके अलावा गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस का ठहराव, ओवरब्रिज निर्माण, बंद पड़े माल गोदाम को पुनः चालू करने, पटना से सहरसा-सुपौल होते हुए ललित ग्राम तक रात में ट्रेन सेवा शुरू करने तथा सहरसा के बजाय सुपौल या सरायगढ़/ललित ग्राम से हाट-बाजार ट्रेन चलाने की मांग भी शामिल है।

नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे रेल महाप्रबंधक से मिलेंगे और आवश्यकता पड़ने पर रेल चक्का जाम भी किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में मुन्नीलाल सिंह, मनोज मंडल, गांधी कुमार, मिट्ठू कुमार, रवि पासवान, अमरेश कुमार, माला देवी, रानी देवी, पूनम देवी, सुनीता देवी, रीना देवी, गुड़िया देवी, ललन कुमार झा, अशोक कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story