मुश्किल हालात भी नहीं डिगा पाए हौसला, भागलपुर में बाढ़ के 5 फीट पानी के बीच सेना भर्ती की तैयारी में जुटे युवा

WhatsApp Channel Join Now
मुश्किल हालात भी नहीं डिगा पाए हौसला, भागलपुर में बाढ़ के 5 फीट पानी के बीच सेना भर्ती की तैयारी में जुटे युवा


मुश्किल हालात भी नहीं डिगा पाए हौसला, भागलपुर में बाढ़ के 5 फीट पानी के बीच सेना भर्ती की तैयारी में जुटे युवा


भागलपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर का निचला और दियारा इलाका इन दिनों पूरी तरह बाढ़ की चपेट में है। कई इलाके टापू में तब्दील हो चुके हैं और आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। लेकिन इस भीषण आपदा के बीच भी भारतीय सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे स्थानीय युवाओं का जुनून और हौसला कम नहीं हुआ है। जिस मैदान में ये युवा सुबह-शाम दौड़ लगाकर पसीना बहाते थे, आज वह मैदान 4 से 5 फीट तक बाढ़ के पानी में डूब चुका है। मैदान पूरी तरह जलमग्न है, इसके बावजूद युवा पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। वे इसी गहरे पानी के बीच अपनी शारीरिक तैयारी (फिजिकल ट्रेनिंग) करते नजर आ रहे हैं। इन युवाओं के हौसले को नई उड़ान दे रहे हैं पैरा कमांडो से सेवानिवृत्त रणजीत सोलंकी। मैदान में पानी भर जाने के बाद भी ट्रेनर रणजीत सोलंकी ने युवाओं का अभ्यास रुकने नहीं दिया। वे खुद पानी में उतरकर युवाओं को मुश्किल और विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी फिटनेस बनाए रखने तथा आपदा से लड़ने की विशेष ट्रेनिंग दे रहे हैं। अभ्यास कर रहे युवाओं का कहना है कि आने वाले दिनों में सेना की भर्ती परीक्षा होने वाली है। ऐसे में तैयारी को बीच में रोकना उनके करियर और सपने को तोड़ सकता है। युवाओं ने कहा, देश सेवा और सेना में जाने का हमारा सपना है। इस सपने को पूरा करने के लिए हम हर मुश्किल का सामना करने को तैयार हैं।बाढ़ की विभीषिका ने भले ही इन युवाओं से उनका मैदान छीन लिया हो, लेकिन वे इनके फौलादी इरादों को नहीं डगमगा सकी। 5 फीट पानी के बीच युवाओं की यह कड़ी मेहनत और पैरा कमांडो प्रशिक्षक का जज्बा यह साबित करता है कि देश सेवा का जुनून हर आपदा पर भारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story