मामूली विवाद में युवक पर चाकू से हमला, गला काटने की कोशिश का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
मामूली विवाद में युवक पर चाकू से हमला, गला काटने की कोशिश का आरोप


भागलपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पुरैनी हरिजन टोला में सोमवार को मामूली विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। घटना में मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन ने तुरंत 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को जगदीशपुर पीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

घायल की पत्नी गीता देवी के अनुसार एक दिन पहले बच्चों के ठेले पर बैठने को लेकर मनीष का नीरो हरिजन से विवाद हुआ था। बलुआचक हाट के पास दोनों के बीच फिर विवाद हुआ जिसमें मनीष की अंगुली में दांत से काटने का आरोप है। इसके बाद मनीष घर लौट आए। आरोप है कि कुछ देर बाद नीरो हरिजन घर पहुंचा और चाकू से मनीष पर हमला कर दिया। परिजन ने गला काटने की कोशिश का भी आरोप लगाया है। मनीष के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा।

जगदीशपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवेदन मिला है और पुलिस जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story