सारण में 55 डेबिट कार्ड और 3 मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सारण में 55 डेबिट कार्ड और 3 मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार


सारण, 16 जुलाई (हि.स.)। इसुआपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध डेबिट कार्ड के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के पास से विभिन्न बैंकों के कुल 55 डेबिट कार्ड और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इसुआपुर बाजार स्थित भारत गैस एजेंसी के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध एटीएम व डेबिट कार्ड के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही इसुआपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। पुलिस बल को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पकड़ा गया आरोपित पंजाब के लुधियाना जिले के सहनेवाल थाना क्षेत्र अंतर्गत जसवीर कॉलोनी गोविंदगढ़ निवासी शुभम सिंह है। तलाशी के दौरान उसके पास से मिले भारी मात्रा में डेबिट कार्ड और मोबाइल के संबंध में वह कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सका।

पुलिस ने सभी सामानों को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में इसुआपुर थाना में कांड संख्या-284/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story