ट्रेन में 12 लाख की अवैध नकदी के साथ युवक गिरफ्तार, आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन में 12 लाख की अवैध नकदी के साथ युवक गिरफ्तार, आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई


भागलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल ने ट्रेनों में अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ पोस्ट कमांडर अमित कुमार गिरी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 13333 दुमका-पटना एक्सप्रेस से एक युवक को हिरासत में लिया, जिसके पास से 12 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरपीएफ पोस्ट कमांडर अमित कुमार गिरी को ट्रेन में भारी मात्रा में नकदी ले जाए जाने की खुफिया जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही दुमका-पटना एक्सप्रेस में तैनात आरपीएफ की एस्कॉर्ट पार्टी को तुरंत अलर्ट किया गया। ट्रेन के भागलपुर स्टेशन पहुंचने पर प्रधान आरक्षी ए. के. शर्मा और राजेश कुमार ने सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। संदिग्ध अवस्था में बैठे एक 29 वर्षीय युवक को रोककर जब उसके सामान की तलाशी ली गई, तो आरपीएफ कर्मी दंग रह गए। युवक के पास से कुल 12 लाख रुपये के नोट बरामद हुए। हिरासत में लिए गए युवक की पहचान रवि शर्मा (29 वर्ष) के रूप में हुई है। एएसआई एस. के. शर्मा द्वारा की गई कड़ी पूछताछ में युवक बरामद रकम के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज, रसीद या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सका। पैसों के स्रोत की पुष्टि न होने और मामला पूरी तरह संदिग्ध पाए जाने पर आरपीएफ ने विधिवत कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए पूरी रकम को जब्त कर लिया। आरपीएफ ने प्रारंभिक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद जब्त की गई 12 लाख रुपये की नकदी, लिखित शिकायत और पकड़े गए आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए आयकर विभाग भागलपुर की टीम को सौंप दिया है। आयकर विभाग अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रहा है कि यह रकम किसकी है, इसे कहां ले जाया जा रहा था और क्या इसके पीछे हवाला या किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क का हाथ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761100 Articles

Share this story