प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, परिजनों ने पकड़कर कराई शादी

WhatsApp Channel Join Now
प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, परिजनों ने पकड़कर कराई शादी


सीवान, 14 जून (हि.स.)। जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के उत्तरी साघर सुल्तानपुर पंचायत के महाना गांव में रविवार को एक अनोखा और चर्चित मामला सामने आया। प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक को परिजनों ने पकड़ लिया। हालांकि मामला विवाद तक नहीं पहुंचा, बल्कि दोनों परिवारों और पंचायत के हस्तक्षेप से प्रेम कहानी का सुखद अंत शादी के रूप में हुआ।

जानकारी के अनुसार मछगरा निवासी महंथ प्रसाद के पुत्र निरंजन कुमार शनिवार की रात अपनी प्रेमिका पुष्पा कुमारी से मिलने महाना गांव पहुंचे थे। इसी दौरान घरवालों को इसकी भनक लग गई और युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।

मामले को लेकर पंचायत स्तर पर बातचीत शुरू हुई। पंचायत के सरपंच प्रभुनाथ राय, जिला पार्षद प्रतिनिधि ममेन्द्र यादव, पैक्स अध्यक्ष राजू राय समेत गांव के कई गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे। पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और दोनों एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे।

इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति और प्रेमी-प्रेमिका की इच्छा के आधार पर रविवार को गांव में ही सादगीपूर्ण तरीके से दोनों का विवाह करा दिया गया। शादी के दौरान गांव के लोग भी मौजूद रहे और नवदंपती को आशीर्वाद दिया।

घटना के बाद यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाना में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि आपसी सहमति और सामाजिक पहल से एक प्रेम संबंध को सम्मानजनक मंजिल मिल गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story