शौच के लिए निकले युवक की नहर में डूबने से मौत, शव मिलने से गांव में मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 20 जून (हि.स.)। सीवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव में शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शौच के लिए घर से निकले 20 वर्षीय युवक की नहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। नहर में युवक का शव तैरता मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान मदारपुर गांव निवासी असलम अली के 20 वर्षीय पुत्र आशिक अली के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि आशिक रोज की तरह सुबह शौच के लिए घर से निकला था। वह गांव के समीप मदारपुर लोहिया पुल के पास स्थित नहर की ओर गया था। परिजनों के अनुसार सुबह करीब नौ बजे तक जब आशिक घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद घरवालों ने आसपास के क्षेत्रों, खेतों तथा रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान नहर की ओर गए कुछ ग्रामीणों की नजर पानी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर शव की पहचान आशिक अली के रूप में हुई।

घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते नहर किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। जवान बेटे का शव देखकर माता-पिता बेसुध हो गए। भाई-बहनों और परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो उठा। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। घटना की सूचना मिलते ही लकड़ी नबीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नहर में पैर फिसलने के कारण डूबने का प्रतीत हो रहा है।

आशंका है कि शौच के दौरान संतुलन बिगड़ने से युवक गहरे पानी में चला गया। परिजनों के मुताबिक आशिक को तैरना नहीं आता था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। ग्रामीणों का कहना है कि नहर किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।

उनका आरोप है कि इससे पहले भी इस स्थान पर कई हादसे हो चुके हैं। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर किनारे बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story