ईद की सुबह करंट लगने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

WhatsApp Channel Join Now

किशनगंज, 28 मई (हि.स.)। जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत पौआखाली क्षेत्र की रसिया पंचायत स्थित कठारो गांव में ईद-उल-अजहा (बकरीद) की सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और त्योहार की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं।

मृतक की पहचान कठारो गांव निवासी मोहम्मद रजीबुद्दीन के पुत्र नाजिर आलम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुरुवार अहले सुबह नाजिर ईदगाह जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान वह नए कपड़ों पर बिजली के आयरन से इस्त्री कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि आयरन के कटे तार या तकनीकी खराबी के कारण उसमें अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से नाजिर गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगते ही वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घर के भीतर चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां, पत्नी और बहनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। बताया जाता है कि नाजिर की शादी महज एक वर्ष पूर्व हुई थी और उसके पीछे चार महीने की एक मासूम बच्ची है। स्थानीय लोगो ने बताया कि नाजिर बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव का युवक था। उसकी असमय मौत से पूरा गांव सदमे में है।

हादसे के बाद कठारो गांव में बकरीद की खुशियां फीकी पड़ गईं। ग्रामीणों ने शोक के कारण कई घरों में कुर्बानी की रस्म टाल दी। गांव में दोपहर तक अधिकांश घरों में चूल्हा नहीं जला और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story