ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, रेलवे ट्रैक के पास मिला शव, जांच में जुटी एफएसएल टीम

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, रेलवे ट्रैक के पास मिला शव, जांच में जुटी एफएसएल टीम


भागलपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दिननगर-पुरैनी स्थित छोटकी नदी के समीप रेलवे पटरी के पास शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार देर रात किसी ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। आज सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए बाहर निकले, तो उनकी नजर रेलवे पटरी के पास पड़े क्षत-विक्षत शव पर पड़ी।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय जगदीशपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए भागलपुर से एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। इस दौरान स्थानीय पुलिस के साथ-साथ रेलवे पुलिस की टीम ने भी संयुक्त रूप से मामले की छानबीन की।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, इस रेलखंड पर मोबाइल झपटमारी और छिनतई करने वाले अपराधियों का आतंक बना रहता है। आए दिन इस तरह की घटनाएं होने से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। ऐसे में ग्रामीण इस बात की भी आशंका जता रहे हैं कि कहीं झपटमारी या किसी अन्य वारदात के दौरान तो यह हादसा नहीं हुआ। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पुलिस और एफएसएल की अंतिम जांच रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा।

मामले को लेकर जगदीशपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस आसपास के थानों और सोशल मीडिया के जरिए मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है, साथ ही हादसे के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story