तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दे रहे नौनिहाल

WhatsApp Channel Join Now
तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दे रहे नौनिहाल


किशनगंज, 10 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नया प्राथमिक विद्यालय (एनपीएस) तालबाड़ी में विद्यार्थियों के बीच विभिन्न देशभक्ति एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। सोमवार को प्रधान शिक्षिका झुमी कुमारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसके सम्मान तथा देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी गई। बच्चों ने तिरंगा यात्रा, देशभक्ति गीत, देशभक्ति नारे, चित्रकला सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।

प्रधान शिक्षिका झुमी कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने बच्चों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने तथा हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और राष्ट्रप्रेम से जुड़े संदेश दिए। उन्होंने अभियान के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने तथा अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक शिक्षक मजाहिर आलम, मुशर्रफ अनवर एवं शिक्षा सेवक राम लाल ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिक्षकों ने बच्चों को तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय पर्वों के महत्व की जानकारी देते हुए देशहित में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता की समझ भी विकसित होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story