भाजपा ने मनाई महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती
पटना, 11 अप्रैल (हि.स.)। बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आज महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मनाई गई। उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री दिलीप जायसवाल, लखेन्द्र पासवान, रामकृपाल यादव सहित प्रदेश के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महात्मा ज्योतिबा फुले की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और नारी शिक्षा के महान अग्रदूत फुले जी ने समाज में जागरूकता और अधिकारों की अलख जगाई। उनके विचार आज भी हमें एक समतामूलक, शिक्षित और सशक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि हम सभी उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समरस, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले महान समाज सुधारक थे और समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए जीवनभर संघर्ष किया।
महात्मा ज्योतिबा फुले को सामाजिक परिवर्तन का अगुआ बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने दलितों और महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक कार्य किए। समाज के सभी वर्गों के लिए शिक्षा प्रदान किए जाने के लिए अभियान चलाया। ज्योतिबा फूले भारतीय समाज में प्रचलित जाति व्यवस्था के घोर विरोधी थे। उन्होंने बाल विवाह का विरोध किया।
इस मौके पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि ऐसे महामानव की जयंती को हमें सेवा और कल्याण दिवस के रूप में मनाना चाहिए, जो आजीवन शिक्षा, विधवा कल्याण और दलित शोषित और वंचित समाज की आजीवन लड़ाई लड़े। आज केंद्र सरकार हो या बिहार सरकार, इनके विचारों के अनुरूप ही कार्य कर रही है, जिसका नतीजा है कि आज महिलाएं सशक्त हो रही है।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र पासवान ने कहा कि ज्योतिबा फूले आजीवन दलित, शोषित और वंचित की लड़ाई लड़ते रहे। समाज ऐसे महामानव को कभी भूल नहीं सकता।
उन्होंने कहा कि आज बिहार सरकार ने 100 छात्राओं के लिए एक छात्रावास खोला है और यह क्रम जारी है। इन छात्रावासों का नाम सावित्रीबाई फूले छात्रावास के नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि ज्योतिबा फूले के विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री विनय केसरी और धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री अजीत कुमार लाली ने किया।
इस मौके पर विधायक संजीव चौरसिया, कार्यक्रम प्रदेश संयोजक प्रभात मालाकार, पटना महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता भूषण राठौर, अशोक सहनी, कार्यालय मंत्री प्रवीण पटेल, मुख्यालय सह प्रभारी दिलीप मिश्रा, सुमीत शशांक, रीता शर्मा, सुनील सेवक, पटना ग्रामीण अध्यक्ष रजनीश कुमार, रवि गुप्ता, राज गुप्ता सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

