ट्रेन से गिरकर घायल हुए शख्स की सदर अस्पताल में मौत, एक सप्ताह पहले ही विदेश से लौटा था

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन से गिरकर घायल हुए शख्स की सदर अस्पताल में मौत, एक सप्ताह पहले ही विदेश से लौटा था


सीवान, 21 अगस्त (हि.स.)। बिहार के सीवान जिले में एक सप्ताह पहले ही विदेश से घर लौटे युवक की शुक्रवार को ट्रेन से गिरकर मौत हो गयी। सीवान जंक्शन के माल गोदाम के समीप अपराह्न करीब एक बजे ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए वसीम खान ने सदर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान जीरादेई थाना क्षेत्र के चंदौली गंगौली गांव निवासी स्वर्गीय टुन्ना खान के पुत्र वसीम खान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वसीम खान करीब एक सप्ताह पहले ही विदेश से अपने घर आया था। इसके बाद वह अपनी मां और बहन के साथ अपने चाचा से मिलने फुलवारी शरीफ, पटना गया था। शुक्रवार को मां और बहन के साथ वह ट्रेन से वापस लौट रहा था। मां और बहन जीरादेई स्टेशन पर उतर गयीं, जबकि वसीम ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ा था।

परिजनों के अनुसार, उन्हें उस समय पता नहीं चला कि वसीम ट्रेन से गिर गया है। सीवान जंक्शन के माल गोदाम के समीप गंभीर रूप से घायल अवस्था में वसीम के मिलने की सूचना के बाद आरपीएफ के पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। उसे तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। आरपीएफ की जांच के दौरान वसीम के पास से फुलवारी शरीफ से सीवान जंक्शन का रेल टिकट भी मिला है। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। विदेश से लौटने के महज एक सप्ताह बाद ही वसीम की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story