रानीगंज वाईएनपी डिग्री कॉलेज आईएसओ से हुआ प्रमाणित
अररिया,21 फरवरी(हि.स.)।
सीमांचल क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने वाले यदुनंदन - पवित्री डिग्री कॉलेज अर्थात वाईएनपी डिग्री कॉलेज ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 1978 में स्थापित कॉलेज विकास के क्रम में अब प्रतिष्ठित आईएसओ 14001 प्रमाणन प्राप्त कर चुका है। यह प्रमाण पत्र क्वालिटी रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (क्यूआरओ) की विशेषज्ञ टीम द्वारा किए गए ग्रीन ऑडिट और निरीक्षण के बाद जारी किया।
कॉलेज को अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण मानकों पर खरा पाया गया। विशेषज्ञों ने कॉलेज के कचरा प्रबंधन और हरियाली की सराहना की, जो छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और एकाग्रता के लिए अनिवार्य है। सफलता का पूरा श्रेय कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार आलोक के कुशल नेतृत्व को जाता है। डॉ. आलोक के अथक प्रयासों से कॉलेज को शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बीबीए और बीसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए ऐआईसीटीई से भी मंजूरी मिली है। डॉ. आलोक अब कॉलेज को नेशनल रैंकिंग में स्थान दिलाने और आगामी नैक मूल्यांकन की तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हैं। अररिया जिले के रानीगंज जैसे ग्रामीण क्षेत्र में स्थित यह संस्थान कला,विज्ञान और वाणिज्य संकाय में भी उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान कर रहा है।
महाविद्यालय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व मंत्री विजय कुमार मंडल सहित विभिन्न संगठन के सदस्यों, छात्रों तथा अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

