अफवाह से पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतार, लोगों में मची अफरा-तफरी

WhatsApp Channel Join Now
अफवाह से पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतार, लोगों में मची अफरा-तफरी


सुपौल, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के निर्मली में सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह फैलने से हड़कंप मच गया। सुबह होते ही बड़ी संख्या में वाहन चालक स्थानीय पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए, जिससे कई जगहों पर लंबी कतारें लग गईं।

बताया जाता है कि पंसारी पेट्रोल पंप पर विशेष रूप से भारी भीड़ देखने को मिली। यहां लोग अपनी गाड़ियों में पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए घंटों इंतजार करते रहे। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। इस संबंध में पेट्रोल पंप प्रबंधन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है।

पंप के मैनेजर शंभु कुमार ने कहा कि अफवाह के कारण एक ही समय में बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंप पर पहुंच गए, जिससे भीड़ बढ़ गई।उन्होंने बताया कि सभी वाहन चालकों को क्रमवार पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और इसमें किसी तरह की कोई बाधा नहीं है।

प्रशासन और पेट्रोल पंप प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न बढ़ाएं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और ईंधन की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story