विश्व फोटोग्राफी दिवस पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
विश्व फोटोग्राफी दिवस पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित


भागलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर बुधवार को भागलपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन की ओर से बुधवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए एसोसिएशन द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया गया। स्थानीय स्तर पर आयोजित इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में फोटोग्राफरों और उनके परिजन ने हिस्सा लिया। शिविर में अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया।

चिकित्सा सेवा देने वालों में मुख्य रूप से फिजिशियन डॉ. विनय कुमार झा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विष्णु कुमार, दंत चिकित्सक डॉ. आशीष कुमार के साथ-साथ डॉ. एसबी शरण, डॉ. नीरज कुमार और डॉ. पंकज कुमार शामिल रहे। एसोसिएशन ने सभी चिकित्सकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान एकजुटता दिखाते हुए 'बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन, भागलपुर' को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बनने के लिए बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन, मधेपुरा के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

फोटोग्राफी दिवस की खुशियों को दोगुना करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, जिसके तहत पदाधिकारियों और सदस्यों ने मिलकर वृक्षारोपण किया। इसके बाद सभी ने केक काटकर एक-दूसरे को विश्व फोटोग्राफी दिवस की बधाई दी। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में भागलपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज गुप्ता, सचिव विभूति भूषण, उपाध्यक्ष द्वय धनंजय शर्मा और आशीष कुमार और कोषाध्यक्ष बजरंगी शर्मा सहित सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि फोटोग्राफर समाज के कल्याण के लिए स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सेवा से जुड़े ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आगे भी आयोजित करते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story