विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर बुजुर्ग आदिवासियों का किया गया सम्मान
अररिया 21 अगस्त(हि.स.)।फारबिसगंज के तिरसकुंड पंचायत के प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला मधुरा में बड़े ही धूमधाम के साथ विश्व वरिष्ठ नागरिक सम्मान दिवस मनाया गया।मौके पर आदिवासी टोला के बुजुर्गों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक कुमार राजीव रंजन ने कहा कि हर साल 21 अगस्त को विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया जाता है। यह दिन बुजुर्गों के समाज में योगदान को सम्मान देने और उनके स्वास्थ्य, देखभाल व अकेलेपन जैसी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित है।मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति आभार प्रकट करना और उन्हें एक सुरक्षित व सम्मानित जीवन देना है।
इस अवसर पर पोषक क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन वरिष्ठ नागरिकों को विद्यालय में मुंह मीठा कराकर उन्हें फूल माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
वहीं कार्यक्रम को प्रधान शिक्षक मिथिलेश कुमार सिंह युवा शिक्षक रंजीत कुमार मंडल एवं संजीत कुमार निगम ने भी संबोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

