विश्व मातृभाषा दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित
भागलपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। भाषाई विविधता और बहुभाषिकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाए जाने वाले विश्व मातृभाषा दिवस के अवसर पर शनिवार को मध्य विद्यालय जगदीशपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर निबंध लेखन, कविता लेखन, चित्रांकन, स्लोगन लेखन, समूह गान तथा परिचर्चा जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि मातृभाषा किसी भी अन्य भाषा को सीखने के लिए सेतु का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भी प्रारंभिक शिक्षा मातृभाषा में दिए जाने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि बच्चों का बौद्धिक एवं भावनात्मक विकास बेहतर ढंग से हो सके।कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका वीणा कुमारी, प्रज्ञा, प्रीति कुमारी, प्रतिमा कुमारी, शाहिना खातून, नेहा कुमारी तथा शिक्षक निर्भय कुमार, अमित कुमार सिंह और राजीव कुमार की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे और मातृभाषा के महत्व को समझने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

