एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण और जागरूकता रैली

WhatsApp Channel Join Now
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण और जागरूकता रैली


कटिहार, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कटिहार के विकास भवन परिसर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण, पर्यावरण शपथ और एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य आम लोगों को जलवायु परिवर्तन, वृक्षारोपण और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण के प्रति जागरूक करना था।

यह कार्यक्रम प्रकृति से प्रेरित जलवायु के लिए - हमारे भविष्य के लिए विषय पर आधारित था। इसका संयुक्त आयोजन जिला गंगा समिति, जिला प्रशासन, मेरा युवा भारत, वन विभाग, जिला जल एवं स्वच्छता समिति और नगर निगम के तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कटिहार की महापौर उषा देवी अग्रवाल तथा प्रभारी जिलाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता डॉ. विनोद कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना पदाधिकारी (जिला गंगा समिति) ब्रजमोहन प्रसाद यादव ने की।

अतिथियों ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया और वहां उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु संतुलन बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान विकास भवन परिसर में बनाया गया 'विश्व पर्यावरण दिवस सेल्फी प्वाइंट' प्रतिभागियों और अतिथियों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा, जहां सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए तस्वीरें लीं। कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट अतिथियों में योगेन्द्र कुमार, शिवेश कुमार सिंह, नैनेश कुमार, अभिषेक किशोर, नीरज कुमार झा और मंटु पासवान शामिल थे।

शपथ ग्रहण और पौधारोपण के पश्चात, अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर 'पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली' को रवाना किया गया। मेरा युवा भारत के कार्यालय सहायक विक्रम कुमार मंडल के नेतृत्व में यह रैली विकास भवन परिसर से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौक, हनुमान मंदिर (मिर्चाईबाड़ी), हरिशंकर नायक चौक एवं समाहरणालय परिसर होते हुए पुनः विकास भवन आकर संपन्न हुई।

इस पूरे कार्यक्रम में 'मेरा युवा भारत' के युवा स्वयंसेवकों, भारत स्काउट एंड गाइड के सदस्यों, आईटीआई के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के साथ-साथ जिला प्रशासन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story