विश्व पर्यावरण दिवस पर सुपौल में चला हरियाली अभियान
सुपौल, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सुपौल जिले में पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस दौरान सरकारी संस्थानों, विद्यालयों और सामाजिक संगठनों की ओर से व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी चिल्ड्रेन पार्क में स्वच्छता अभियान से हुई। इसके बाद समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी सावन कुमार ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। समाहरणालय परिसर में कुल 50 पौधे लगाए गए।जिलाधिकारी ने पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए पर्यावरण रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को स्वच्छ पर्यावरण और वृक्षारोपण के महत्व की जानकारी देगा।
इसी क्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में 100 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व छात्र संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों के अलावा कई समाजसेवी भी शामिल हुए। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। राधेश्याम पब्लिक स्कूल में बच्चों के बीच पेंटिंग और लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रकृति संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना था।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया। वहीं वीरपुर वन प्रक्षेत्र के तत्वावधान में न्यू कैम्ब्रिज रेजिडेंशियल स्कूल, वीरपुर में पौधारोपण और पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर 200 पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके अलावा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। कोशी ऑर्गनाइजेशन द्वारा 200 तथा बीएआईएफ संस्था की ओर से 300 पौधों का रोपण किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिले के लोगों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को जलवायु संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

