प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग कार्यशाला का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग कार्यशाला का आयोजन


अररिया 18 जुलाई(हि.स.)। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए पाठ्यपुस्तक आधारित गतिविधियों एवं प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग कार्यक्रमों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, फारबिसगंज में शनिवार को एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में जिले के लगभग सौ विद्यालयों के गणित एवं विज्ञान शिक्षक, सभी संकुल संसाधन केंद्रों के संचालक,समन्वयक तथा आईसीटी कोऑर्डिनेटर शामिल हुए। प्रशिक्षण सत्र का संचालन मुख्य प्रशिक्षक अमन कुमार, राकेश कुमार एवं रंजेश कुमार ने किया।

मुख्य प्रशिक्षक राकेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समस्या-समाधान क्षमता तथा जीवनोपयोगी कौशलों के विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्रशिक्षक अमन कुमार ने एनसीईआरटी द्वारा प्रकाशित ‘परख’ रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए अररिया जिले की शैक्षणिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक गतिविधि-आधारित शिक्षण को नियमित रूप से विद्यालयों में लागू करें। कक्षा 1 एवं 2 में ‘चहक’ गतिविधियों का संचालन करें। कक्षा 3 से 5 में एफएलएन किट्स का प्रभावी उपयोग करें तथा कक्षा 6 से 8 में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग के माध्यम से गणित एवं विज्ञान विषयों को रुचिकर बनाएं, तो आने वाले सर्वेक्षणों में जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों में उल्लेखनीय सुधार देखा जा सकेगा।

प्रशिक्षक रंजेश कुमार ने कहा कि इको क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित की जा सकती है। वहीं सेल्फ-एस्टीम कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित गतिविधियां बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होती हैं। उन्होंने इंस्पायर अवार्ड मानक एवं बिल्डाथॉन जैसे नवाचार कार्यक्रमों में अधिकाधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार की भावना का विकास होता है।

कार्यक्रम में प्रखंड के 36 संकुल संसाधन केंद्रों के संचालक एवं समन्वयक सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। इनमें प्रकाश चन्द्र विश्वास, मुरली कुमार, बीरेन्द्र मिश्र, धीरज कुमार गुप्ता, मनीष झा, रीमा रानी, विजय शंकर कश्यप, आभा सोनी, अजय कुमार जायसवाल, संजीव कुमार झा सहित सैकड़ों शिक्षक शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story