सुपौल में नगर निकाय कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, शहर की साफ सफाई ठप

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में नगर निकाय कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, शहर की साफ सफाई ठप


सुपौल, 31 जुलाई (हि.स.)। बिहार लोकल बॉडीज इम्पलाइज फेडरेशन के बैनर तले नगर निकाय कर्मियों की तीन सूत्री मांगों को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही।

हड़ताल के दूसरे दिन नगर परिषद, सुपौल कार्यालय में कर्मियों ने ताला जड़कर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान नगर निकाय कर्मी कार्यालय परिसर में डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर एकजुटता का प्रदर्शन किया।

हड़ताल के दौरान बिहार लोकल बॉडीज इम्पलाइज फेडरेशन के महामंत्री मोहम्मद असजद आलम उर्फ अप्पू ने कहा कि बिहार सरकार और नगर विकास एवं आवास विभाग नगर निकाय कर्मियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से कर्मियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण उन्हें अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय कर्मी अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर लगातार सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस और संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती, तब तक यह राजव्यापी आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताली कर्मियों ने सरकार से जल्द वार्ता कर समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की।

उनका कहना है कि नगर निकाय कर्मी शहर की सफाई, जलापूर्ति सहित कई आवश्यक सेवाओं की जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है।

कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र पहल नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हड़ताल के कारण नगर परिषद के कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। शहर की सफाई ठप पड़ गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story