ईंट भट्ठे पर काम करने के दौरान मजदूर की मौत
भागलपुर, 11 जून (हि.स.)। जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करने के दौरान गुरुवार को हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान इस्माइलपुर थाना क्षेत्र निवासी जनार्दन मंडल के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विकास कुमार ईंट भट्ठे पर मशीन में बुरादा और सीमेंट की बोरी डालने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक उनका शरीर मशीन की चपेट में आ गया और मशीन उन्हें अंदर की ओर खींच ले गई। हादसा इतना भयावह था कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। विकास कुमार शादीशुदा थे और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार की आजीविका पूरी तरह उनकी कमाई पर निर्भर थे। ऐसे में उनकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।
घटना के बाद परिजन सदमे में हैं और लगातार न्याय एवं उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ईंट भट्ठा मालिक की ओर से मृतक के परिजन को एक से डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है। हालांकि, परिजन का कहना है कि इतनी राशि परिवार के भविष्य के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप कर सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा और सहायता दिलाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

